डीएम ने सांसद आदर्श गांव बाछम में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उरेडा एवं विद्युत विभाग को बाछम-सोराग विद्युत लाइन के हस्तांतरण का मामला तत्काल सुलझाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
जिला, केंद्र पोषित और राज्य सेक्टर की योजनाओं की समीक्षा बैठक में डीएम रंजना ने आदर्श गांव बाछम में शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उरेडा और यूपीसीएल के अधिकारियों को संयुक्त भ्रमण करने के निर्देश देते हुए विद्युत लाइन हस्तांतरण का मामला शीघ्र सुलझाने को कहा। उन्होंने पीएमजीएसवाई कपकोट को रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग की धीमी प्रगति पर कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा। डीएम ने लोनिवि एवं पीएमजीएसवाई को मोटर मार्गों के निर्माण से कृषकों की कटी भूमि का मुआवजा तत्काल देने के निर्देश दिए। कहा कि जिन मोटर मार्गों के निर्माण कार्यों का कार्य अपूर्ण है, उसे समय से पूर्ण करने किया जाए।
डीएम ने सड़क निर्माण के कारण सरकारी परिसंपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए संबंधित विभाग को तत्काल पुनर्निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय भवनों के निर्माण की स्वयं मॉनीटरिंग करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। दुग्ध विकास विभाग को जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक समूहों का गठन करने कहा। जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को जिले की पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुरानी पेयजल लाइनों की मरम्मत की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके अलावा डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा भी की। बैठक में एडीएम राहुल गोयल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।