बागेश्वर। जिला मुख्यालय के केएमवीएन गेस्टहाउस में बनाए गए क्वारंटीन में रखे गए एक युवक के पिता की मौत उसके घर कपकोट तहसील के गांव में हो गई। इसलिए प्रशासन ने युवक को उसके घर पहुंचा दिया है। यह युवक शुक्रवार को फरीदाबाद से लौटा था। प्रशासन ने एक अन्य महिला को क्वारंटीन सेंटर से उसके घर अकेले रहने के लिए भेज दिया है। कपकोट के एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि उक्त एक महिला ने भी खुद को युवक का रिश्तेदार बताया था। उसे भी कपकोट ले जाया गया लेकिन पता चला कि वह बागेश्वर तहसील क्षेत्र की निवासी है। उसके घर पर क्वारंटीन के इंतजाम को देखने के बाद उसे होम क्वारंटीन के लिए भेज दिया गया है। उस पर लगातार नजर रखी जाएगी। डॉ. एजल पटेल ने बताया कि उक्त महिला बरेली से इलाज कराकर लौटी है। इधर, शनिवार को एक महिला और एक पुरुष बागेश्वर पहुंचे थे। इन दोनों को भी केएमवीएन गेस्टहाउस (टीआरसी) के क्वारंटीन में ठहराया गया है। क्वारंटीन में अब 18 लोग हैं। इनमें से किसी में भी संक्रमण के लक्षण नहीं हैं।