बागेश्वर में राष्ट्रीय पोषण मिशन की समीक्षा करतीं डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कलक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में डीएम रंजना राजगुरु ने राष्ट्रीय पोषण मिशन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुपोषण से जिले को मुक्त बनाना है। इसके लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर अनटाइट फंड से भी राशि दिलाई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कुपोषित बच्चों के परिवार को लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और बच्चों के शैक्षणिक विकास पर भी ध्यान देने को कहा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बिष्ट ने बताया कि अप्रैल के बाद जिले के 34 कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। इसलिए उन्हें सामान्य श्रेणी में रख दिया गया है। डीएम ने कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की नई सर्वे रिपोर्ट बनाने को कहा। उन्होंने सीएमओ और डीपीओ से किशोरियों और महिलाओं में खून की कमी की जांच करवाने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता रखी जाए। कोई भी बच्चा टीकाकरण से न छूटे। बैठक में प्रभारी सीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम गरुड़ जयवर्धन शर्मा, बागेश्वर राकेश चंद्र तिवारी, कपकोट प्रमोद कुमार, सीएमओ डॉ. बीएस रावत, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा आदि रहे।