जल संस्थान के मजदूरों को सात महीने से मानदेय नहीं मिला है। गुस्साए मजदूरों ने जल निगम जल संस्थान मजदूर यूनियन सीटू की जिला इकाई के बैनर तले संस्थान के खंडीय कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें शीघ्र मानदेय नहीं मिला तो 13 अगस्त से कार्य बहिष्कार शुरू कर देंगे।
बृहस्पतिवार सुबह जिलेे के विभिन्न हिस्सों से जल संस्थान के मजदूर नारेबाजी करते हुए संस्थान के खंडीय कार्यालय में एकत्र हुए। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि उन्हें जनवरी से मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है। मानदेय नहीं मिलने से जिले में कार्यरत 110 मजदूरों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। मानदेय के लिए विभाग के कई चक्कर काटने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सभा के बाद उन्होंने अधिशासी अभियंता केएस खाती को ज्ञापन सौंपा। ईई ने समस्या का शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। धरना-प्रदर्शन करने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष धरम सिंह, कमलाकांत मिश्रा, पूरन चंद्र, विशन सिंह, करम सिंह, खीम सिंह, शेर सिंह, कैलाश सिंह, विशन लाल आदि थे।