बागेश्वर तहसील परिसर में रेल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते संघर्ष समिति के सदस्य। ?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन का निर्माण कराने की मांग को लेकर रेल मार्ग निर्माण संघर्ष समिति ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अंग्रेजों के शासनकाल में स्वीकृत और सर्वे वाले रेल मार्ग के निर्माण के लिए जल्ट बजट आवंटित कर कार्य शुुरू करवाने की मांग की।
संघर्ष समिति रेल लाइन की मांग को लेकर वर्ष 2004 से लगातार संघर्ष कर रही है। महीने के अंतिम रविवार को तहसील परिसर में बैठक, प्रदर्शन के बाद आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाती है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सलाहकार डॉ. प्रताप सिंह गढ़िया ने कहा कि आजादी के बाद रेल लाइन के निर्माण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए।
वर्तमान में भी सरकारें केवल सर्वे कराने तक ही सीमित हैं। कई बार रेल लाइन की सर्वे की जा चुकी है लेकिन सामरिक महत्व की रेल लाइन के निर्माण को लेकर अब तक कोई काम नहीं हुआ। समिति के सदस्यों ने कहा कि स्व. गुंसाई सिंह दफौटी ने संघर्ष समिति का गठन कर रेल लाइन के लिए जो संघर्ष शुरू किया था, रेल मार्ग का निर्माण कराने तक वह जारी रहेगा। वहां पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गीता रावल, हयात सिंह मेहता, बंशीधर जोशी, महेंद्र पिलख्वाल, लक्ष्मी धर्मशक्तू, बसंती जोशी, चंद्रा उपाध्याय, सावित्री रावत, केशवानंद जोशी आदि मौजूद रहे।