बागेश्वर कलक्ट्रेट में पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। गरुड़ तहसील क्षेत्र केे खडेरिया पेयजल योजना से बदरीनाथ गांव को पानी नहीं दिए जाने पर ग्रामीणों में नाराजगी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर पेयजल योजना से सेवित क्षेत्र में आने वाले बदरीनाथ गांव और स्कूलों को जोड़ने की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि इन दिनों खडेरिया पेयजल योजना के पुनर्निर्माण और मरम्मत का कार्य चल रहा है। पेयजल लाइन बदरीनाथ गांव से होकर जाती है, बावजूद इसके गांव को पेयजल का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल में साल भर पेयजल संकट रहने के बावजूद पेयजल योजना से नहीं जोड़े जाने पर रोष जताया।
कहा कि छात्र-छात्राओं को पीने के लिए घर से पानी लाना पड़ता है। मिडडे मील और अन्य जरूरत के लिए विद्यालय में पानी नहीं होने से काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने कहा कि पांच दिसंबर 2019 को पेयजल निगम के ईई को पत्र दिया गया था। जिसके बाद कई बार मांग उठ चुकी है, लेकिन सेवित क्षेत्र के गांव को पेयजल योजना से नहीं जोड़ा जा रहा है। वहां पर नारायण राम, भुवन राम, दीपा देवी, गणेश राम, देवकी देवी, दिनेश राम, गोविंद कुमार आदि थे।