बागेश्वर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते चचई के ग्रामीण। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। एक महीने से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति सुचारु करने और मोटरमार्ग में पुल का निर्माण कराने की मांग को लेकर चचई के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द समस्याओं का निदान नहीं होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी।
चचई गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण एक महीने से बिजली गुल है। गांव के 30 परिवारों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ रही है। बिजली नहीं होने से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई ठप हो गई है। लोगों को मोबाइल रिचार्ज करवाने के लिए दूसरे गांव में जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को फोन के माध्यम से और लिखित में सूचना दी गई, इसके बाद भी समस्या जस की तस पड़ी है। ग्रामीणों ने डीएम से जल्द मामले का संज्ञान लेने और गांव की बिजली आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि चचई गांव के लिए वर्ष 2017 से मोटर मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। विभाग ने सड़क कटान भी पूरा कर लिया था, लेकिन कनलगढ़ नदी पर अब तक पुल नहीं बन सका है। पुल नहीं बनने से लोगों को वाहन सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पांच किमी की निर्माणाधीन सड़क पर दो पुलों का निर्माण किया जाना है। विभाग पुल के लिए निविदा होने की बात कर रहा है लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द पुल का निर्माण करवाने की मांग की। कहा कि अगर दोनों समस्याओं का जल्द निदान नहीं किया गया तो ग्रामीण डीएम कार्यालय में धरने पर बैठने को बाध्य होंगे। वहां ग्राम प्रधान निर्मला जोशी, उप प्रधान राजू आर्या, केदार राम, माधवी देवी, भुवन जोशी, दीवान राम, पूरन राम, हरचरण राम आदि मौजूद रहे।