शामा में शराब की दुकान बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करती महिला पंचायत प्रतिनिधि।
- फोटो : अमर उजाला
शामा से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर वीरांगना ग्राम पंचायत महिला जनप्रतिनिधि संगठन ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि यदि शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो उग्र आंदोलन होगा। महिला जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि शामा में खोली गई शराब की दुकान से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीण अपनी मेहनत की कमाई शराब में लुटा रहे हैं।
युवा पीढ़ी भी शराब के चंगुल में फंस रही है। महिलाओं ने कहा कि लाइसेंसी दुकान के साथ ही क्षेत्र में कई लोग कच्ची शराब बनाकर बेचने का धंधा भी कर रहे हैं। शराब की लत के कारण लोग धन के साथ ही अपनी सेहत भी बर्बाद कर रहे हैं। आए दिन झगड़े हो रहे हैं। शराबियों द्वारा अभद्रता की जाती है। इससे महिलाओं और छात्राओं का सड़कों पर चलना दूभर हो जाता है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी शराब की दुकान बंद करने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि शामा से लाइसेंसी शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद महिलाओं ने मांग से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में गाउली देवी, सरुली देवी, कमला, नीमा, कौशल्या, बसंती, लीला देवी, भागीरथी, लक्ष्मी, जमुना, लछिमा, गंगा देवी, कलावती देवी, तुलसी देवी, राधा देवी, सरस्वती, सीता, नंदी देवी आदि महिलाएं शामिल थीं।