बागेश्वर। नुमाइशखेत मैदान में राज्य स्तरीय विद्यालयी हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन लीग चरण के मैच खेले गए। अंडर-14 आयु वर्ग में बागेश्वर और अंडर-19 आयु वर्ग में ऊधमसिंह नगर की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीते। प्रतियोगिता का समापन आज होगा।
राज्य स्तरीय हैंडबाॅल प्रतियोगिता में बागेश्वर, पौड़ी, देहरादून, चमोली, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की टीमें प्रतिभाग कर रहीं हैं। मंगलवार को विधायक पार्वती दास ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उनसे मैदान में खेल भावना के साथ उतरने को कहा।
अंडर-14 आयु वर्ग के पहले मैच में बागेश्वर की टीम ने नैनीताल को 9-3 के अंतर से पराजित किया। दूसरे मैच में पौड़ी ने ऊधमसिंह नगर को 8-1 से और तीसरे मैच में देहरादून ने नैनीताल को 8-2 से हराया।
अंडर-19 आयु वर्ग के पहले मैच में ऊधमसिंह नगर ने देहरादून को 5-3 से हराया। दूसरे मैच में चमोली ने बागेश्वर को 9-6 जबकि तीसरे मैच में नैनीताल ने पौड़ी को 14-6 के बड़े अंतर से हराया। बुधवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, सीईओ गजेंद्र सिंह सौन, जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी आदि मौजूद रहे।