कपकोट (बागेश्वर)। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत दो या दो से अधिक बालिकाओं वालीं 15 माताओं को विपरीत आर्थिक परिस्थिति में बालिका को उत्कृष्ट शिक्षा दिलाने के लिए सम्मानित किया।
ब्लॉक सभागार में एसडीएम प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में 15 माताओं को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसडीएम ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना को सफल बनाने के लिए ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के माध्यम से रणनीति बनाई जाती है। बताया कि कन्या भ्रूण हत्या करने वाले माता-पिता और संबंधित चिकित्सा स्टाफ के लिए सजा अथवा जुर्माने का प्रावधान है। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र प्रसाद बिष्ट ने कहा कि अभिभावकों को बेटों के समान ही बेटियों को भी आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना चाहिए। कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा होने पर राष्ट्रीय महिला हेल्पलाइन 181 या 9411314257 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू ने कहा कि बालिकाओं को कम आंकने के बजाय उन्हें हर क्षेत्र में सक्षम बनाने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस रावत, जिला कार्यक्रम समन्वयक सुरेंद्र कुमार, बीडीओ जीजी गोस्वामी, प्रभारी सीडीपीओ दीपा धपोला, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक षष्टी कांडपाल, दीप्ति धपोला, सभासद तनुज तिरुवा, सुरेश गढ़िया आदि थे।