बागेश्वर। सरकार ने कोरोना संक्रमण के चलते बंद स्कूलों में प्राथमिक और जूनियर कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र, छात्राओं को 13 मार्च से 31 मार्च तक के मिड्डे मील के बदले धनराशि का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। छात्र, छात्राओं को इस अवधि का चावल का भी दिया जाएगा।
समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आर मीनाक्षी सुंदरम ने इस आशय के आदेश बीते 19 मार्च को जारी कर दिए थे। यह आदेश जिले में भी पहुंच गए हैं।
जिला शिक्षाधिकारी बेसिक पदमेंद्र सकलानी ने बताया है कि जिले के कुल 20567 छात्र, छात्राओं के अभिभावकों को मिड्डे मील की धनराशि का भुगतान किया जाना है। इनमें 11197 बच्चे प्राथमिक और 9370 बच्चे जूनियर हाईस्कूल के हैं।
बताया कि प्राथमिक कक्षाओं के छात्र, छात्राओं को प्रतिदिन के 4.67 रुपये और जूनियर कक्षाओं के छात्र, छात्राओं को 6.72 रुपये के हिसाब से भुगतान किया जाना है।
प्राथमिक कक्षाओं के छात्र, छात्राओं को 100 ग्राम चावल प्रतिदिन और जूनियर कक्षाओं के छात्र, छात्राओं को 150 ग्राम चावल प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जायेगा।इसके निर्देश सभी प्रधानाध्यापकों को दे दिए गए हैं। जल्द ही छात्र, छात्राओं के अभिभावकों को धनराशि और चावल वितरित कर दिया जाएगा। संवाद