कांडा (बागेश्वर)। जिले में उद्यान विभाग ने बंजर होती ग्रामीण भूमि के सदुपयोग के लिए नई पहल शुरू की है। क्लस्टर आधारित फलपट्टी विकास योजना के तहत गांवों की खाली पड़ी सामूहिक भूमि पर फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की आय बढ़ाना, बंजर भूमि का उपयोग करना और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करना है।
कांडा उद्यान सचल दल केंद्र के प्रभारी कमल किशोर पंत ने बताया कि योजना के तहत ग्रामीणों को सामूहिक रूप से बंजर भूमि पर फलदार पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसमें पौधों की खरीद और उनका निःशुल्क रोपण दोनों शामिल हैं। विभाग गांवों की खाली पड़ी सामुदायिक भूमि को चिह्नित कर वहां उन्नत किस्म के फलदार पौधे लगाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सभी रोपण स्थलों की जियो-टैगिंग की जाएगी। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे और रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इच्छुक ग्राम सभाओं से समय रहते उद्यान विभाग से संपर्क करने और प्रस्तावित स्थल की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।