बागेश्वर के भनार गांव में शिखर भनार मेले के लिए सजाया गया बंज्यैंण देवता मंदिर। संवाद
बागेश्वर। कपकोट और दुग नाकुरी के लोगों की आस्था से जुड़े और क्षेत्र के प्रसिद्ध शिखर-भनार मेले का शुभारंभ 25 नवंबर को होगा। तीन दिवसीय मेले को भव्य बनाने के लिए इन दिनों जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं।
शिखर-भनार मेले का आयोजन त्रयोदशी से कार्तिक पूर्णिमा तक किया जाता है। कार्तिक मास ही त्रयोदशी के दिन भनार गांव के प्रसिद्ध बंज्यैण मंदिर में मेले का शुभारंभ होता है। जहां देव अवतरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बैकुंठ चतुदर्शी के दिन देव डांगर और मेलार्थी भनार से शिखर पर्वत पर बसे मूूलनारायण देवता के मंदिर पहुंचते हैं। जहां रात को देव अवतरण होता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन मेलार्थी वापस भनार गांव पहुंचते हैं। जहां मूलनारायण मंदिर में तीन दिवसीय मेले का समापन किया जाता है।
मेले को भव्य बनाने के लिए ग्राम प्रधान भूपाल राम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अब तक हुई तैयारियों का जायजा लिया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रेम सिंह कोरंगा ने बताया कि मेले का शुभारंभ विधायक सुरेश गढि़या करेंगे। समिति ने तय समय से पूर्व सभी कार्य पूर्ण करने और भव्य मेला आयोजित करने की बात कही। बैठक में युवक मंगल दल अध्यक्ष पुष्कर सिंह कोरंगा, महिला मंगल दल अध्यक्षा शांति देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रवीण सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद