बागेश्वर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के चुनाव की पर्ची निकालता नेपाली मूल का बालक बहादुर।
- फोटो : BAGESHWAR
पबागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनते ही पंचायत चुनाव की विदाई भी हुई। इस बार का चुनाव कई मायनों में बेहद रोचक रहा। वोटों की बराबरी ने कई उम्मीदवारों की सांसें अटका दीं।
बागेश्वर जिले में हुए जिपं उपाध्यक्ष का चुनाव इस बार के प्रत्याशियों के लिए यादगार साबित हुआ। जिप अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे से वोटिंग हुई। तीन बजे से मतगणना हुई। मतगणना के बाद जब बारी रिजल्ट की आई तो नतीजे चौंकाने वाले थे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष के प्रत्याशी नवीन परिहार और भावना देवी को नौ-नौ वोट मिले। फैसला होने तक दोनों उम्मीदवारों की धड़कनें तेज होने लगीं। माथे पर सिकन लिए अब किस्मत का फैसला करने आया पांच साल का मासूम बच्चा। जिसे राजनीति का ज्ञान तो नहीं था लेकिन बागेश्वर जिले का उपाध्यक्ष का फैसला अब उसी के हाथों होना था। प्रशासन ने भी बिना देर किए लॉटरी सिस्टम से निर्णय करने का फैसला लिया। तभी प्रदीप बहादुर ने पर्चा निकाला, जिससे नवीन परिहार का भाग चमक गया। इसके बाद जीते उम्मीदवार ने बच्चें को अपनी गोद में उठाया और जीत का जश्न मनाया।