बागेश्वर। जिला मुख्यालय से निकलने वाले गरुड़ और ताकुला मार्ग की शुरूआत गड्ढों से हो रही है। गरुड़ मार्ग पर बस स्टेशन से द्यांगण बाइपास और ताकुला मार्ग पर त्यूनरा गधेरे से एआरटीओ कार्यालय तक बने गड्ढे यात्रियों और चालकों की परीक्षा ले रहे हैं।
नगर में लोनिवि की ओर से सरयू पुल से आरे बाइपास तक, त्यूनरा गधेरे से अग्निकुंड तक और बागेश्वर-दफौट मार्ग पर चंडिका तक पेचवर्क का कार्य किया गया था लेकिन अब भी नगर से शुरू होने वाली दो सड़कों पर गड्ढे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। नगर से गरुड़ की ओर जाने वाली सड़क पर बस स्टेशन से लेकर द्यांगण तक कई जगह गड्ढे बने हुए हैं। मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। गड्ढे हाेने से यात्रियों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ताकुला मार्ग पर त्यूनरा गधेरे से एआरटीओ कार्यालय तक हर 10 मीटर पर गड्ढे बने हैं। मार्ग का अल्मोड़ा और हल्द्वानी के लिए सबसे अधिक प्रयोग होता है। गड्ढों में दोपहिया वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा बना हुआ है। बीमार मरीजों को भी हायर सेंटर इसी मार्ग से ले जाया जाता है। मार्ग पर गड्ढों से मरीजों को भी दिक्कतें हो रही हैं।
कोट
गरुड़ मार्ग पर कोतवाली से द्यांगण बाईपास तक अगले सप्ताह से चौड़ीकरण का कार्य होना है। इसके चलते सड़क पर पैचवर्क का कार्य नहीं किया गया है। चौड़ीकरण होने के बाद सड़क ठीक हो जाएगी। -संजय कुमार पांडेय, ईई लोनिवि बागेश्वर
कोट
ताकुला मार्ग पर इन दिनों चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क ठेकेदार को हस्तांतरित की गई है। जल्द ही चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद सड़क ठीक हो जाएगी। -पीपी गोस्वामी, ईई एनएच