बागेश्वर। कपकोट के चचई में कनलगड़ पुल से कुछ दूरी पर सालीखेत में सड़क का कलवर्ट लोगों और वाहनों के लिए खतरा बन रहा है। कलवर्ट में कई दिनों से गड्ढा बना हुआ है।
ग्राम प्रधान कमला देवी ने बताया कि सड़क का निर्माण 2019 में हो गया था पर सड़क की हालात अभी तक नहीं सुधरी है और कलवर्ट में गड्ढा पिछले दो महीने से बना है। दिन में तो वाहन निकल जाते हैं, रात के समय गड्ढा दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पूर्व सैनिक हीरा राम आर्य ने बताया कि दो अक्तूबर को वह अपने निजी वाहन से पैतृक गांव जा रहे थे। सालीखेत के पास कलवर्ट के गड्ढे में वाहन का टायर फंसने के कारण टायर फट गया। गनीमत रही कि वाहन अनियंत्रित नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने बताया सड़क का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है। कलवर्ट की यह स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है।
सड़क सुधारीकरण के लिए टेंडर शुरू हो गया है। अभी अनुबंध गठन की कार्रवाई नहीं हुई है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
-अंबरीश रावत, ईई पीएमजीएसवाई कपकोट