मौलेखाल(अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के रतखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का चार करोड़ रुपये से कायाकल्प होगा। नया भवन बनने से यहां सुविधाओं का विस्तार होगा जिससे क्षेत्र की 20 हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा।
बृहस्पतिवार को रतखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण का विधायक महेश जीना ने शिलान्यास किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और निर्माण कार्य शुरू कराया। उन्होंने कहा कि चार करोड़ रुपये से नया भवन बनेगा। मरीजों को भर्ती करने के लिए नए वार्ड बनेंगे और यहां सुविधाओं का विस्तार होगा। स्वास्थ्य कर्मियों के लिए कक्षों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी कीमत में समझौता नहीं होगा। इस दौरान लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहां नरेंद्र बिष्ट, भगवत बोरा, भास्कर, राधा, भगवती तिवारी, चन्द्र भाकुनी, तेग सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।