अल्मोड़ा। डाकघर, बैंक के बाद अब भारत संचार निगम लिमिटेड यानी बीएसएनएल कार्यालय में भी लोगों को आधार कार्ड बनाने की सुविधा मिलेगी। जिला मुख्यालय समेत नौ बीएसएनएल कार्यालयों में जल्द आधार केंद्र खुलेंगे। लोगों को अब आधार कार्ड बनाने और संशोधन करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
अल्मोड़ा, द्वाराहाट रानीखेत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, डीडीहाट, लोहाघाट और धारचूला के बीएसएनएल कार्यालय में आधार केंद्र खुलने जा रहे हैं। जनसेवा केंद्रों पर आधार कार्ड बनाने में कई तरह की अनियमितता सामने आने के बाद यूनिक आईडेंटीफिकेशन अथारिटी आफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने जनसेवा केंद्रों से आधार कार्ड बनाने व संशोधन करने के अधिकार छीन लिया है। इसके बाद यह जिम्मेदारी बैंकों और डाकघरों को दी गई थी। अब यह अधिकार बीएसएनएल को मिल भी चुका है। बीएसएनएल को यूआईडीएआई ने आधार कार्ड बनाने के लिए अधिकृत कर दिया है।
सरकारी कार्यालय में ही बनेंगे विशिष्ट पहचान पत्र
अल्मोड़ा। विशिष्ट पहचान पत्र बनाने और संशोधन की सुविधा अब केवल बैंकों, डाकघरों और सरकारी कार्यालयों में बने आधार केंद्रों में ही मिलेगी। जनसेवा केंद्रों पर आधार कार्ड बनाने में कई तरह की अनियमितता पाए जाने पर यूआईडीएआई ने यह फैसला लिया है। पंजीकृत आधार मशीनों की जीपीआरएस से निगरानी भी की जा रही है।
- बीएसएनएल के अल्मोड़ा समेत नौ कार्यालयों में आधार केंद्र बनाए जाएंगे। इन आधार केंद्रों में जल्द लोगों कों आधार कार्ड बनाने और संशोधन की सुविधा मिलेगी।
- एमएम निखुर्पा, वरिष्ठ महाप्रबंधक प्रचालन, बीएसएनएल, अल्मोड़ा।