बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर में बायो टॉयलेट स्थापित हो गए हैं। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की ओर से परिसर को चार बायो टॉयलेट आवंटित किए गए थे।
परिसर में पांच महीने पहले आए बायो टॉयलेट का उपयोग विद्यार्थी कर सकेंगे। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग बायो टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। अन्य दो का प्रयोग खेल और विभिन्न प्रतियोगिताओं के दौरान खेल मैदान में किया जाएगा। कला संकाय भवन, संस्कृत भवन में विद्यार्थियों के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है। प्रशासन ने इन विभागों के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यूओयू और कला संकाय भवन के मध्य में बायो टाॅयलेट स्थापित किए हैं। दोनों में पानी की व्यवस्था की गई है।
वहीं, जिला प्रशासन की ओर से परिसर में निर्मित दस शौचालयों में भी पानी की व्यवस्था सुचारू कर दी गई है। पूर्व में पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने से शौचालयों में पानी की समस्या बनी रहती थी। इधर, परिसर के निदेशक प्रो. जीसी साह ने बताया कि कला संकाय भवन के बगल में पुरुष और महिला के लिए अलग-अलग बायो टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। बायो टॉयलेट लगाने से विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।