बागेश्वर। जिले की बागेश्वर विधानसभा में दो सड़कों में 5.73 करोड़ रुपये की लागत से सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए शासन से बजट को स्वीकृति मिल गई है। सड़कों पर डामरीकरण होने से पांच हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। लंबे समय से लोग दोनों सड़कों को ठीक करने की मांग कर रहे थे।
बागेश्वर-बैजनाथ सड़क से ओखलसों और गरुड़ क्षेत्र के सिमगड़ी सड़क लंबे समय से बदहाल थी। सड़क के बदहाल होने से लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से लोग शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से दोनों सड़कों को ठीक करने की मांग कर रहे थे। शासन से दोनों सड़कों के डामरीकरण के लिए धन स्वीकृत होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। दोनों सड़कों के लिए धन स्वीकृत कराने के लिए ग्रामीणों ने विधायक पार्वती दास का आभार प्रकट किया है। पीएमजीएसवाई के प्रभारी ईई नरेश पाठक ने बताया कि सड़कों की मरम्मत के लिए शासन से बजट स्वीकृत हो चुका है। जल्द निविदा प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।