बागेश्वर। खीरगंगा वार्ड के वासियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही इस वार्ड में पेयजल की समस्या दूर हो जाएगी। नगर पंचायत कपकोट ने वार्ड में 1.90 लाख से नई पेयजल लाइन बिछाने का निर्णय लिया है।
कपकोट नगर पंचायत के खीरगंगा वार्ड में पेयजल लाइन ध्वस्त हो गई थी। इससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। लोगों को पेयजल जुटाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। वार्डवासी लंबे समय से लाइन के क्षतिग्रस्त भाग में पाइप लाइन बिछाने की मांग कर रहे थे।
अब नगर पंचायत ने पाइप लाइन बिछाने की कवायद शुरू कर दी है। जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। ईओ गीता चंद्रा ने बताया कि पाइप लाइन के निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। टेंडर प्रकिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।