कांडा/बागेश्वर। भद्रकाली उपराड़ा निवासी दिनेश चंद्र जोशी हत्याकांड के मामले में पुलिस टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी और संदिग्धों से पूछताछ की। अभी पुलिस को हत्याकांड के मामले में कोई अहम जानकारी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
कांडा क्षेत्र के ग्राम भद्रकाली उपराड़ा निवासी दिनेश चंद्र जोशी (52) पुत्र गोवर्धन जोशी 30 अक्तूबर को गेहूं पिसवाने गए थे। तभी से वह लापता हो गए थे। उनके भाई गोपाल दत्त जोशी ने एक नवंबर को पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। दो नवंबर को पुलिस को कपूरी गांव जाने वाले कुलूर नदी पुल के पास गधेेरे में दिनेश का शव मिला।
थाना कांडा में ग्राम घोड़ागाड़ निवासी हरीश सिंह बोरा, ग्राम सिलाटी बनेगांव निवासी पान सिंह, ग्राम नायल बनेगांव निवासी सूरज सिंह, राकेश सिंह, बहादुर सिंह, नवीन सिंह, दीवान सिंह, भगवान सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज है। हत्याकांड की जांच को एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें लगी हैं। मंगलवार को कपकोट की सीओ संगीता ने नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनेगांव, सिलारी, कपूरी, अठपेसिया, सानिउडियार आदि क्षेत्रों में दबिश दी और कई संदिग्धों से पूछताछ की लेकिन पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं मिली।
××
शराब तस्करों पर जताया शक
कांडा/बागेश्वर। ग्रामीणों ने शराब तस्करों पर दिनेश की हत्या का शक जताया है। उन्होंने बताया कि शराब तस्कर आए दिन अपराध करते हैं लेकिन कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए ग्रामीण उनके खिलाफ नामजद तहरीर नहीं देते। इस कारण पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ती। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
×××
चोरी का आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा
बागेश्वर। चौगांवछीना क्षेत्र के खर्कटम्टा मल्लाटमट्यूड़ा में हुई चोरी का आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। नामजद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में रोष है। चौगांवछीना क्षेत्र के खर्कटम्टा, मल्लाटमट्यूड़ा गांव निवासी हरीश चंद्र जोशी के घर से चोर पीतल की नौ परात, पीतल की छह थाली, स्टील के 16 बर्तन, दो गगरी समेत कई कीमती सामान चुरा ले गया था। इनकी कीमत 35 हजार रुपये से अधिक है। नामजद मुकदमा दर्ज होने के 11 दिन बाद भी पुलिस चोर को नहीं पकड़ सकी है। ब्यूरो