नदीगांव को जाने वाली सड़क में हुई दो लूट की घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने शनिवार की देर रात तक गश्त लगाई। पुलिस को नकाबपोश तो नहीं मिले, लेकिन सड़क किनारे बैठकर नशा कर रहे दो युवकों को पुलिस ने थाने में ले जाकर उनका चालान किया गया।
तीन दिन पूर्व नदीगांव जाने वाली सड़क में घर को लौट रहे एक कर्मचारी को मारपीट कर कुछ नकाबपोशों ने उसके पास से छह हजार की नकदी लूट ली थी। इसके बाद शुक्रवार को एक युवक पुष्कर जोशी को घेरकर लूटने का प्रयास किया था। इस मामले में शनिवार को तमाम लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी। इस पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात को नदीगांव सड़क में गश्त लगाई। इस दौरान इंद्र सिंह और हरीश सिंह नामक युवक सड़क किनारे बैठकर नशा करते हुए पकड़े गए।
पुलिस ने दोनों युवकों को थाने लाकर उनका चालान किया गया। साथ ही सख्त हिदायत देने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि नगर में प्रतिदिन नियमित गश्त की जाएगी। इसके लिए रात्रि ड्यूटी वाले जवानों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।