बागेश्वर। उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी, शिक्षक संगठन की नई कार्यकारिणी गठित की गई। अनिल कुमार जोशी को संगठन का जिलाध्यक्ष और आलोक पांडेय को जिला महामंत्री चुना गया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्य करने का संकल्प लिया। हल्द्वानी में होने वाले प्रांतीय अधिवेशन में भागीदारी पर भी चर्चा की।
लोनिवि विश्राम गृह में आयोजित बैठक में उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष केसी मिश्रा की मौजूदगी में कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिला कार्यकारिणी में संदीप कुमार जोशी को उपाध्यक्ष, ईश्वरी दत्त पांडेय को कोषाध्यक्ष और केसी मिश्रा, शैलेंद्र सिंह धपोला को संरक्षक चुना गया। संरक्षक मिश्रा ने बताया कि संगठन में शिक्षा, लोनिवि, स्वास्थ्य समेत कई विभागों के कर्मचारी जुड़े हुए हैं। नई कार्यकारिणी में भी सभी विभागों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। कहा कि संगठित होकर ही कर्मचारी अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाएंगे और सामूहिक संघर्ष से ही लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष जोशी ने बताया कि हल्द्वानी में एक से तीन जुलाई तक प्रांतीय अधिवेशन होना है। उन्होंने अधिकाधिक सदस्यों से अधिवेशन में भागीदारी करने की अपील की। इस मौके पर मंडलीय महामंत्री रमेेश चंद्र जोशी, भुवन जोशी, डॉ. प्रेम मावड़ी, रवि कुमार जोशी, डॉ. हरीश दफौटी, हरीश सिंह ऐठानी, डॉ. बीडी पांडेय आदि मौजूद रहे।