बागेश्वर कलक्ट्रेट में आवासों के अवशेष भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन करते मंडलसेरा के लोग। सं?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। प्रधानमंत्री आवास योजना 2019-20 के तहत स्वीकृत घरों के निर्माण की पूरी राशि नहीं मिलने से गुस्साए मंडलसेरा वार्ड के लोगों ने डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। लाभार्थियों ने डीएम के माध्यम से शहरी विकास मंत्री को ज्ञापन भेजकर शेष किश्तों का जल्द भुगतान करने की मांग की।
मंडलसेरा उत्तरी वार्ड में 20 लाभार्थियों को योजना के तहत चुना गया था। नगरपालिका की ओर से लाभार्थियों को पहली और दूसरी किश्त का भुगतान तो किया गया लेकिन बाकी तीन किश्तों की राशि नहीं मिली है। लोगों का कहना है रुपये नहीं होने से उनके मकान का काम अधर में लटक गया है।
लोगों को कच्चे घर बनाकर या किराये के कमरों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई लोग मकान का काम शुरू होने के बाद बनाई गई दीवारों पर तिरपाल डालकर रहने को विवश हो रहे हैं। वहां पर सभासद कैलाश राम, जोगेंद्र लाल, सूरज कुमार, चंपा देवी, आशा कर्म्याल, पानुली देवी, कमला देवी, माधवी देवी आदि थीं।