बागेश्वर में बाक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ करते दास
- फोटो : अमर उजाला
कुमांऊ विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयी बॉक्सिंग प्रतियोगिता शुक्रवार से बागेश्वर महाविद्यालय में शुरू हो गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक चंदन राम दास, प्राचार्य डॉ. एससी पंत और जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया ने किया। पहले दिन हुए विभिन्न मुकाबलों में पिथौरागढ़ महाविद्यालय के मुक्केबाजों का दबदबा रहा।
महाविद्यालय के खेल मैदान में शुरू हुई प्रतियोगिता में 75 किलो भार वर्ग में बागेश्वर महाविद्यालय के कमल सिंह विजेता रहे। 64 किलो भार वर्ग में पिथौरागढ़ महाविद्यालय के बिट्टू कनवाल, 81 किलो भार वर्ग में पिथौरागढ़ के योगेश कुमार, 69 किलो भार वर्ग में पिथौरागढ़ के देवेंद्र सिंह, 60 किलो भार वर्ग में पिथौरागढ़ के लवी मेहता जीते। इसी तरह 52 किलो भार वर्ग में काशीपुर महाविद्यालय के अरविंद कुमार और 91 किलो भार वर्ग में बागेश्वर महाविद्यालय के अशोक दफौटी विजेता रहे।
बता दें कि प्रतियोगिता में बागेश्वर, पिथौरागढ़, काशीपुर, नैनीताल, रामनगर, हल्द्वानी, खटीमा, टनकपुर आदि महाविद्यालयों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा।