अनर्सा की देसी शराब की दुकान हटाने को लेकर कई गांवों की महिलाएं एकजुट हो गई हैं। गुस्साई महिलाओं ने जुलूस निकालकर पिंडारी मार्ग के तिराहे पर जाम लगा दिया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांग शीघ्र पूरी नहीं हुई तो 15 अप्रैल को फिर से सड़क जाम कर दी जाएगी। सभा में ऐलान किया गया कि जो भी दल शराब की दुकान हटवाएगा, उसी को वर्ष-2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में वोट दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल को ज्ञापन भेजा।
सोमवार सुबह अनर्सा, देवलचौंरा, ग्वाड़, हरसीला, कन्यालीकोट, चचई आदि गांवों की सैकड़ोें गांवों की महिलाएं नारेबाजी करती हुई पिंडारी मार्ग के अनर्सा तिराहे पर एकत्रित हुई और सांकेतिक जाम लगा दिया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि गांव के नाम की दुकान हरसीला पुल के समीप होने से कम उम्र के कई युवा नशे के आदी हो गए हैं, जबकि अत्यधिक शराब पीनेे से अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है। नशेड़ियों के होहल्ले से महिलाओं का अकेले निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो गई है। दुकान राजस्व क्षेत्र में होने के कारण शराब की आसपास के गांवों के अलावा कनलगढ़, पुगंरघाटी और लाहुर घाटी के गांवों में तस्करी हो रही है। आबकारी विभाग और राजस्व पुलिस भी शराब की तस्करी को रोकने में नाकाम हो गई है। शराब की तस्करी में लगे तत्व विरोध करने पर धमका रहे हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकान यहां से शीघ्र नहीं हटाई गई तो 15 अप्रैल को जुलूस निकालकर पिंडारी मार्ग पर जाम लगाकर आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। उन्होंने विधायक फर्स्वाण से कहा कि वह जनहित की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में कूदें। कहा कि जो दुकान बंद करवाएगा उसी को 2017 में सहयोग किया जाएगा।
सभा के बाद वह जुलूस की शक्ल में हरसीला कस्बे तक गई। जुलूस, सभा और जाम लगाने वालों में जिला पंचायत सदस्य जानकी मेहता, ग्राम प्रधान गीता देवी, महिला मंगल दल की अध्यक्ष आशा देवी, पूर्व ग्राम प्रधान दीवान सिंह खेतवाल, भावना, लीला, उमा, मोहनी, आशा, केशुली, पार्वती, हिमुली, हेमा, खष्टी, जमुना देवी, रेखा, मालती, जानकी, रेवती, परमेश्वर, रेवती, उदुल, अमरा देवी, किटर सिंह मदन मोहन, चतुर सिंह और नैन राम आदि शामिल थे।
13 बीजीएस 1पी: पिंडारी मार्ग के अनर्सा तिराहे पर जाम लगाती महिलाएं।