मंगलवार की मध्य रात्रि हुई भीषण बारिश से आरे गांव के समीप काभड़भ्योल पहाड़ी दरकने से पिंडारी सड़क का आधा हिस्सा 20 मीटर लंबाई तक कट गया। भारी मात्रा में मलबा आने के कारण सड़क पर 14 घंटे तक यातायात ठप रहा। सड़क के बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
सड़क बंद होने से यात्रियों को घिरौली गांव से पैदल सफर तय करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात पिंडारी सड़क में आरे के समीप काभड़भ्योल की पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक कर सड़क पर आ गिरा। इससे सड़क का आधा हिस्सा करीब 20 मीटर की लंबाई तक ध्वस्त हो गया।
सड़क का किनारा कटने और भारी मात्रा में मलबा भरने से यहां यातायात घंटों बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सड़क बंद होने से कपकोट और दुग तहसील का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट गया। सूचना मिलते ही एडीबी के ईई पीएस बृजवाल एक डोजर और दो जेसीबी मशीन लेकर बुधवार की सुबह मौके पर पहुंचे। मशीनों के लगातार काम करने से दोपहर डेढ़ बजे सड़क पर यातायात शुरू हो गया। सूचना मिलते ही कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण मौके पर पहुंचे।
उन्होंने एडीबी के ईई को सड़क दुरुस्त बनाने के लिए दैवी आपदा प्रबंधन को तुरंत इस्टीमेट भेजने के निर्देश दिए। वहां दर्जाधारी मंत्री राजेंद्र टंगड़िया और एसडीएम सदर फींचा राम चौहान आदि थे।
यात्रियों को हुई दिक्कतें
बागेश्वर। पिंडारी सड़क का विकल्प न होने के कारण बुधवार को कपकोट और दुग तहसील से बागेश्वर और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों को आने जाने वालों को बालीघाट से सरयू के ऊपर बने पैदल पुलिया और मंडलसेरा बाईपास से पांच किमी का पैदल सफर तय करके घिरौली गांव से होकर जाना पड़ा। इस दौरान जिन लोगों के साथ बच्चे और सामान था उन्हें खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी।
-पिंडारी सड़क में काभड़भ्योल पर सड़क का आधा हिस्सा करीब 20 मीटर तक कट चुका है। सड़क के किनारे की रेलिंग खाई में गिर गई है। सड़क पर बुधवार को डेढ़ बजे यातायात सुचारु हो गया है। सड़क के किनारे दीवार निर्माण में अभी वक्त लगेगा। क्षति का आकलन किया जा रहा है। क्षति की भरपाई का इस्टीमेट तैयार करके शीघ्र दैवी आपदा प्रबंधन को भेजा जाएगा। बजट आवंटन और मौसम के साथ देने पर ही निर्माण का काम शुरू होगा।
-पीएस बृजवाल, ईई एडीबी बागेश्वर डिवीजन।