छात्रवृत्ति की मांग को लेकर बागेश्वर में प्रदर्शन करते अनुसूचित जाति के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
छात्रवृत्ति नहीं मिलने से नाराज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बागेश्वर के अनुसूचित जाति के छात्रों ने प्रदर्शन किया। बाद में क्षेत्रीय विधायक को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र छात्रवृत्ति की धनराशि दिलाने की मांग की। छात्रों का कहना है कि यदि उन्हें शीघ्र छात्रवृत्ति नहीं दी गई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पीजी कॉलेज बागेश्वर के अनुसूचित जाति के छात्रों ने बुधवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इस मौके पर छात्र सुरेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2014-15 से महाविद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई है। छात्रों का कहना था कि समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा ईमेल आईडी और पंजीकरण संख्या मांगी गई है। परंतु जब इस संबंध में महाविद्यालय में छात्रवृत्ति प्रभारी से पूछा गया तो उनके द्वारा सही जवाब नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते निर्धन आर्थिक स्थिति वाले छात्र-छात्राएं परेशान हैं।
छात्रों ने कहा है कि यदि उन्हें शीघ्र छात्रवृत्ति की धनराशि नहीं दी गई तो उग्र आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होना पड़ेेगा। बाद में छात्र नेताओं ने इस संबंध का ज्ञापन क्षेत्रीय विधायक चंदन राम दास को भी सौंपा। विधायक ने छात्रों की समस्या को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य को छात्रवृत्ति दिलाने को लेकर उचित कार्रवाई करने को कहा है। प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में मनीष कुमार, कमलेश लोबियाल, रोहित टम्टा, बसंत बल्लभ, गणेश कुमार, इरफान हुसैन, अजय कुमार, त्रिलोचन, प्रमोद आदि शामिल थे।