बागेश्वर में पतंजलि योग समिति की ऑनलाइन बैठक में शिरकत करते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कोरोना के कारण इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पतंजलि योग समिति ऑनलाइन योग कराएगी। पतंजलि की ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़कर लोग घरों पर रहकर योग करेंगे। योग समिति की ऑनलाइन बैठक में यह कार्यक्रम तय किया गया।
पतंजलि योग समिति के जिला और तहसील प्रभारियों की ऑनलाइन बैठक रविवार को हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला संयोजक गणेश दत्त कांडपाल ने कहा कि सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी कोरोना के साये में हो रहा है। ऐसे में सामूहिक रूप से योग दिवस नहीं मनाया जा सकता। इसलिए ऑनलाइन माध्यम से योग कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर घरों में छोटे-छोटे समूह में सुरक्षित दूरी के साथ योग करने की अपील की।
पतंजलि योग समिति युवा भारत के सह राज्य प्रभारी केवलानंद जोशी ने बताया कि रोजाना की तरह योग दिवस पर भी सुबह पांच से छह बजे तक ऑनलाइन योग कक्षा लगेगी। इसके बाद विभिन्न संगठनों को जोड़ते हुए ऑनलाइन योग शिविर लगाए जाएंगे। बैठक में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दीप जोशी, भुवन कैड़ा, कृष्णा जोशी, गौरव पंत, महेश पांडेय, नंदन नेगी, हरीश कांडपाल आदि रहे।
अगस्त से शुरू होगा सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर
बागेश्वर। ऑनलाइन बैठक में योग प्रशिक्षकों के लिए अगस्त से सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर लगाने पर भी चर्चा हुई। शिविर में अधिकतम लोगों को जोड़ने और योग, आसन, प्राणायाम की बारीकियां सिखाकर जिले में योग का विस्तार करने का निर्णय लिया गया।