जनता दरबार में जिलाधिकारी रंजना राजगुरु को समस्या बताते फरियादी।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जन सुनवाई में फरियादियों ने 42 शिकायतें दर्ज कराई। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने फरियादियों को बारी-बारी से बुलाकर सीधा संवाद करते हुए समस्याएं सुनीं। ज्यादातर शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनता मिलन में जो भी समस्या और शिकायतें मिल रही हैं उनके प्रति अधिकारी संवेदनशील रहते हुए तत्काल प्राप्त शिकायतों का निराकरण करना सुनिश्चित करें।
2014 में स्वीकृत सड़क अब तक नहीं बनी
जालेख के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 2014 में मोटर मार्ग की स्वीकृति हो गई थी लेकिन अभी तक लोनिवि के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने जालेख तक सड़क निर्माण करवाने की मांग की। मामले में डीएम ने लोनिवि के ईई को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कनस्यारी गागरीगोल निवासी भावना ने कहा कि वह दिव्यांग और निराश्रित है। उसने डीएम से अंत्योदय कार्ड बनाने की मांग की, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये लोग रहे मौजूद
जनसुनवाई दिवस में सीडीओ एसएसएस पांगती, डीडीओ केएन तिवारी, सीएमओ डा. एसके शाह, एसडीएम राकेश तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. उदय शंकर, जिला उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, परियोजना निदेशक अमर सिंह गुज्याल आदि मौजूद थे।