बागेश्वर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार की बजट में घोषित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुक्रवार को सचिव कृषि डी सेंथिल पांडेयन ने समीक्षा की। उन्होंने योजना का लाभ पात्र किसानों को ही मिले इस बाबत डीएम को जरूरी निर्देश दिए और डाटा की जानकारी ली।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। डीएम जिले में पात्र किसानों का चिन्हीकरण, डाटा फीडिंग 24 फरवरी तक हर हाल में करा दें ताकि कोई भी पात्र किसान इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी को जिला और ब्लॉक मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नामित किये जाए जो क्षेत्र के अधिकांश किसानों को कार्यक्रम में पहुंचने के लिए प्रेरित करें।
डीएम रंजना राजगुरु ने बताया कि जिले में अभी तक 24,092 किसानों को चिह्नित किया है, जिनमें से 8,312 किसानों का डाटा फीड कर दिया गया है। वहां सीडीओ एसएसएस पांगती, एडीएम राहुल गोयल, संयुक्त मजिस्ट्रेट कपकोट नरेंद्र सिंह भंडारी, एसडीएम आरसी तिवारी, डीडीओ केएन तिवारी, सीएओ बीपी मौर्या, डीएसओ एके वर्मा, डीपीआरओ पूनम पाठक, भावेश जागरिया, उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह आदि थे।