बागेश्वर के कराला पालड़ी में अनशन के समर्थन में धरना देते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कराला पालड़ी में मोटर मार्ग का निर्माण पूरा कराने और डामरीकरण की मांग को लेकर स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र का आमरण अनशन जारी है। आंदोलन को क्षेत्रवासियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। ग्रामीण रोजमर्रा के कामकाज छोड़कर आंदोलन को तेज करने मेें जुट गए हैं। ग्रामीणों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन को जारी रखने की चेतावनी दी है।
पालड़ीछीना-जैन करास-कनगाड़छीना मोटर मार्ग के जैन करास से आगे पांच किमी का कटान पूरा करवाने और बाकी सड़क पर डामरीकरण करने की मांग को लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महेंद्र सिंह करायत के पुत्र सेवानिवृत्त नायब सूबेदार फतेह सिंह करायत चार दिन से आमरण अनशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने इस सड़क की मांग को कई बार आंदोलन किया। उनकी माता स्व. कमला देवी ने अपनी जमीन भी मोटर मार्ग के लिए दान दी। कई बार शासन और प्रशासन को ज्ञापन दिया। इसके बावजूद सड़क का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने कहा कि वह सड़क की जायज मांग के लिए आमरण अनशन का समर्थन कर रहे हैं। जरूरत पड़ी तो गांव के अन्य लोग भी अनशन में बैठकर आंदोलन को तेज करेंगे।
इधर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने भी बृहस्पतिवार को आंदोलन स्थल जाकर अनशन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समस्या का हल नहीं निकला तो वह शुक्रवार से स्वयं भी आंदोलन में बैठेंगे। वहीं आंदोलन के समर्थन में क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने इस्तीफा देने की चेतावनी दे डाली है। अनशन के समर्थन देने वालों में मोहन सिंह करायत, हरीश करायत, राजू बिष्ट, अनीता देवी, पूजा देवी आदि शामिल थे।