नगर पंचायत के खाईबगड़ में शराब की दुुकान खोलने की सुगबुगाहट से क्षेत्र के लोग भड़क गए हैं। गुस्साए लोगों ने कहा है कि इलाके के लोगों को शराब नहीं विकास और रोजगार की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शांत इलाके में शराब की दुकान खोलने का प्रयास हुआ तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
लोगों ने कहा कि प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हाईवे से लगी भराड़ी बाजार से हटने वाली शराब की दुकान को खाई बगड़ में खुलवाना चाहता है। इसी के चलते हो सकता है कि खाईबगड़ में शराब की पेटियां पहुंचाई गई हैं। कहा कि शराब की दुुकान खुलने से यहां सुबह से ही नशेड़ियों का हो हल्ला रहेगा। महिलाओं का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि नौजवान नशे के आदी बनते जाएंगे। इससे अपराध बढ़ेंगे।
उन्होंने एसडीएम से यहां शराब की दुकान किसी भी दशा में नहीं खुलने देने को कहा है। उन्होंने चेेतावनी दी है कि यदि जनभावना का अनादर किया गया तो उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। चेतावनी देने वालों में महिला मंगल दल की अध्यक्ष ज्योति ऐठानी, व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, बसंती देवी, विमला देवी, शोभा देवी, दीपू दानू आदि शामिल हैं।