कमेड़ीदेवी स्थित बीएसएनएल के मोबाइल टावर से लंबे समय से नियमित सिंग्नल नहीं आने से क्षेत्र के लोगों में रोष है। गुस्साए लोगों ने रविवार को बाजार में बीएसएनएल के विरोध में नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि टावर की खामियां जल्द दूर नहीं हुई तो जिला मुख्यालय जाकर बीएसएनएल के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
कमेड़ीदेवी क्षेत्र के लोगों ने कहा कि बीएसएनएल के मोबाइल टावर से पिछले काफी समय से अनियमित सिग्नल आ रहे हैं। मोबाइल फोन पर नंबर डायल करते ही सिग्नल गायब हो जा रहे हैं जबकि कई बार बात शुरू होते ही नंबर कट हो जा रहा है।
सिग्नल नियमित नहीं रहने से उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। मोबाइल फोन पर बात नहीं होने और इंटरनेट के काम नहीं करने से खास तौर पर कमेड़ीदेवी, मल्सूना, भैंसूड़ी, टकनार, देवतोली, थाला, झाला, हुड़म, सेरी, झांकरा, ऐराड़ी, भंतोला, रतघर, जाखनी, मजगांव आदि गांवों की समस्या और भी बढ़ गई है।
इधर बीएसएनएल के एसडीओ सीएस लोहनी ने बताया कि टावर की खामियों को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जाएंगे। वहां निर्माण सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य हरीश जोशी, इंका के प्रबंधक बीसी जोशी, राजेंद्र राठौर, दरबान सिंह, पुरुषोत्तम जोशी, अंकुर, उमेश राठौर, ओमी जोशी, अनिल पाठक, रवींद्र मेहरा, रतन सिंह रावत, नारायण मेहता, दर्शन रावत आदि थे।