अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम जिले के आंतरिक मार्गों पर बस सेवाएं शुरू नहीं कर पाया है। जिले के छह विकासखंडों में रोडवेज की एक भी सेवा का संचालन नहीं होता है। ऐसे में यात्री निजी बस या फिर टैक्सियों से सफर करने को मजबूर हैं।
अल्मोड़ा डिपो से विभिन्न रूटों पर रोजाना 14 सेवाओं का संचालन किया जाता है। भैंसियाछाना, सल्ट, ताड़ीखेत, ताकुला, स्याल्दे और धौलादेवी विकासखंडो के लिए रोडवेज की एक भी सेवाएं संचालित नहीं हैं। कई बार निजी बस और टैक्सी भी नहीं मिलती है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
चार बसें नहीं चलीं
अल्मोड़ा। चार मार्गों पर रोडवेज की सेवाएं ठप रहने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। शुक्रवार को टनकपुर, बेतालघाट, लमगड़ा-दिल्ली, देहरादून सेवाओं का संचालन स्थगित रहा। संवाद
निगम मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार रूटों पर बसों का संचालन होता है। चालकों की कमी बनी है, जिससे चार सेवाएं का संचालन नहीं हुआ। चालक मिलने पर स्थगित सेवाओं का संचालन किया जाएगा।-विजय तिवारी, सहायक महाप्रबंधक रोडवेज डिपो अल्मोड़ा