बागेश्वर। डिपो की दिल्ली-धरमघर बस का संचालन लंबे समय से जिला मुख्यालय तक ही किया जा रहा है। उत्तरायणी मेले में भी बस सेवा सुचारू होने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को टैक्सियों पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।
दिल्ली-धरमघर बस बागेश्वर से धरमघर के लिए दुगनाकुरी होकर जाती है।
बालीघाट, तुपेड़, रीमा, पचार, स्याकोट से धरमघर के बीच 70 से अधिक गांव पड़ते हैं। उत्तरायणी मेले में क्षेत्र से हजारों मेलार्थी रोजाना मेले देखते आएंगे। पूर्व में बस चलने से लोग कम किराये में आवाजाही कर लेते थे।
क्षेत्र के इकलौती बस सेवा के इस साल नहीं चलने से मेलार्थियों को अधिक रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इधर, डिपो के कार्यशाला प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि चालक, परिचालकों की कमी के कारण परेशानी हो रही है। स्टाफ मिलने के बाद बस सेवा सुचारू की जाएगी।