बागेश्वर। जिले में लगातार बारिश के चलते नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक पेयजल की किल्लत बनी है। जिला मुख्यालय के भागीरथी क्षेत्र में सात दिन और दुग नाकुरी तहसील के किड़ई और पचार में बीते 12 दिनों से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है।
बीते दिनों जखेड़ा पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने से नगर के हिस्सों में पेयजल संकट था। विभाग ने लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू कर दी है लेकिन कांडा मार्ग स्थित भागीरथी क्षेत्र में बीते सात दिनों से पेयजल संकट बना है। पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने से लोगों की दिनचर्या से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
दुग-नाकुरी तहसील के किड़ई और पचार में बीते 12 दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित है। घिंघराणी के समीप क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को पीने के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है।
जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि लाइनों में मरम्मत कार्य चल रहा है। जल्द आपूर्ति सुचारू की जाएगी।