कपकोट (बागेश्वर)। बिचला दानपुर में भालू की दहशत बढ़ती जा रही है। शामा इंटर कॉलेज के तीन विद्यार्थी स्कूल जाते समय रास्ते में भालू दिखने से वापस घर को लौट गए।
शामा इंटर कॉलेज में भनार, लीती आदि गांवों से भी विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। तीन से सात किमी दूरी तय करने के दौरान छात्र-छात्राओं को जंगल के आसपास से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में भालू, तेंदुआ आदि हिंसक जीवों से सामना होने का खतरा बना रहता है।
बुधवार को ऐसा ही वाकया सेली शामा के कमल, हिमांशु और ललित के साथ हुआ। घर से पैदल स्कूल जाते समय भनिधार के बंज्यैंण मंदिर के समीप तीनों को भालू दिख गया। अचानक भालू को देखकर विद्यार्थियों ने वापस घर को दौड़ लगा दी। ग्रामीण आन सिंह, दीपक सिंह, मोहन सिंह आदि ने बताया कि बच्चों ने कुछ दूरी पर आकर घर फोन कर भालू दिखने की सूचना दी। इसके बाद उन्हें वापस आने को बोला गया।
प्रधानाचार्य दीवान सिंह कोरंगा ने बताया कि अभिभावकों ने तीन-चार विद्यार्थियों को रास्ते में भालू दिखने की सूचना फोन पर दी थी। तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों ने स्कूल में आकर बच्चों को स्कूल आते-जाते समय झुंड में आने, बोलते हुए आने आदि के लिए जागरूक किया।