बागेश्वर। मानसून काल की शुरूआत से ही दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। विजयपुर से बनलेख के लिए बनी 33 केवी की लाइन में आए दिन खराबी आने से 35 गांवों की सप्लाई बाधित हो रही है। 15 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार रात 10 बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बनलेख, होराली, बीसा, रीमा, जारती, पपोली, किड़ई, पचार, जलमानी, जुनायल, दियाली, कुरोली समेत क्षेत्र के सभी गांवों की बिजली पूरी रात गुल रही। सुबह लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण देवेंद्र चंद्र, महेश सिंह, बहादुर सिंह, गणेश चंद्र आदि ने बताया कि मौसम खराब होते ही क्षेत्रवासियों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। पिछले सप्ताह तीसरे दिन बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी थी।
गर्मी के दिनों में बिजली गुल रहने से दिक्कत हो रही है। यूपीसीएल के एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि विजयपुर-बनलेख लाइन जंगल से होकर गुजरती है। अक्सर मौसम खराब होने पर पेड़ों की टहनियां गिरने से तार टूट जाते हैं। लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। संवाद