काफलीगैर (बागेश्वर)। धूराफाट क्षेत्र के गांवों की बिजली 24 घंटे तक गुल रही। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पंपिंग योजना भी ठप रही। क्षेत्र के 12 ग्राम पंचायतों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
बिजली-पानी की सप्लाई ठप होने से पांच हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
बुधवार शाम करीब छह बजे धूराफाट क्षेत्र की बिजली गुल थी। रात भर सप्लाई चालू नहीं हुई। बृहस्पतिवार को भी आटा चक्की, तेल पिराई मशीन जैसे कुटीर उद्योग पूरे दिन बंद रहे। ग्रामीण भूपाल सिंह, गोपाल सिंह, राम सिंह, भवान सिंह, किशन सिंह आदि ने बताया कि बिजली नहीं होने से बौड़ी पेयजल योजना बंद रही। लोगों को नौले, धारे और हैंडपंप की दौड़ लगानी पड़ी।
क्षेत्र में बारिश होने या हवा चलने पर बिजली गुल हो जाती है। लगातार समस्या बढ़ती जा रही है। यूपीसीएल के जेई जॉनी कुमार ने बताया कि कराला गांव के बीच में तार टूट गए थे। पूरे दिन कर्मचारी काम करते रहे। शाम को आपूर्ति सुचारू करा दी गई।