बागेश्वर। जिले में मौसम के खराब होने का असर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पर पड़ा। दुगनाकुरी क्षेत्र के करीब 50 और काफलीगैर तहसील क्षेत्र के 18 गांवों में रातभर बिजली गुल रही। बत्ती नहीं होने से 20 हजार से अधिक की आबादी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को मौसम खराब होने के दौरान विजयपुर से दुगनाकुरी तहसील को जाने वाली मेन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। दोपहर बाद करीब तीन बजे क्षेत्र के बनलेख, होराली, रीमा, जारती, पपोली, बीसा, पचार, किड़ई, भंतोला, स्यांकोट समेत कई गांवों की बिजली गुल हो गई। पूरी रात क्षेत्र की बिजली बाधित रही। करीब 21 घंटे बाद दोपहर सवा बारह बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। काफलीगैर तहसील क्षेत्र में बारिश और तेज हवा के कारण लाइन में खराबी आ गई। शाम करीब आठ बजे से धूराफाट और रीठागाड़ क्षेत्र के सभी गांवों की बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे क्षेत्र की बिजली बहाल हो सकी। बिजली गुल होने के कारण लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ा। कई लोगों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गए।
एसडीएम एसएस भंडारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कर्मचारियों ने लाइनों की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू करा दी है।