बागेश्वर/कांडा। रामलीला मैदान में प्रदेश सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कई विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। 42 लोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास आदि की शिकायतें भी दर्ज कराईं।
शिविर का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तीन साल का कार्यकाल विकासपरक रहा है। जिले में भी कई नई योजनाओं पर काम हो रहा है। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक सड़क पहुंचाई जा रही है। संचारविहीन गांवों में मोबाइल फोन की घंटी बजने लगी है। कांडा क्षेत्र में पुरानी सड़कों को बेहतर बनाने और नई सड़कों के निर्माण का कार्य हो रहा है। शिविर में 14 दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करने के साथ-साथ नंदा देवी योजना के तहत ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक भी बांटे गए। दुग्ध विकास विभाग ने सात लोगों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट और दो लोगों को पुरस्कार दिया। इस मौके पर सीडीओ आरसी तिवारी, डीडीओ संगीता आर्य, मंडल अध्यक्ष दरबान सिंह बिष्ट, हीरा सिंह कर्म्याल आदि मौजूद रहे।