बागेश्वर। होली का त्योहार मनाने गए अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय नहीं पहुंचना भारी पड़ गया। सोमवार को सीडीओ आरसी तिवारी ने विकास भवन समेत विभिन्न विभागाें का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान विभिन्न दफ्तरों में 32 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने गैर हाजिर मिले कार्मिकों से स्पष्टीकरण मांगने और उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने विकास भवन में कार्यालयों से निरीक्षण की शुरूआत की। लघु सिंचाई विभाग के निरीक्षण में उन्हें छह अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। लोनिवि में अधिशासी अभियंता समेत पांच सहायक अभियंता, सात अवर अभियंता, जल निगम में चार कार्मिक गैर हाजिर मिले।
जल निगम कार्यालय में अभिलेखों का रख-रखाव भी उचित तरीके से नहीं किया गया था। उद्यान विभाग में जिला उद्यान अधिकारी ही गैर हाजिर थे।
समाज कल्याण विभाग में दो, अर्थ संख्या में एक, कृषि एवं भूमि संरक्षण में तीन, रीप परियोजना के तीन, उरेडा के परियोजना अधिकारी समेत एक कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
इसी तरह ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भी निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले। बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों के गैर हाजिर होने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने विभागों में अग्निशमन उपकरण चुस्त दुरुस्त रखने, निष्प्रयोज्य सामग्री का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुछ अधिकारियों के बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ने को गंभीरता से लिया और इस परिपाटी में बदलाव लाने को कहा है।