कांडा (बागेश्वर)। तहसील के कमस्यार घाटी की बीएसएनएल संचार सेवा दो महीने से ठप है। 30 से अधिक गांवों के लोगों को निजी नेटवर्क की मदद लेनी पड़ रही है। कई स्थानों पर अन्य नेटवर्क नहीं होने से लोगों के मोबाइल शोपीस बने हैं।
कांडा तहसील क्षेत्र के हवनतोली, कपूरी और सानिउडियार गांव में लगे बीएसएनएल के टावर से सेवा बाधित चल रही है। क्षेत्र के बैड़ा-तलड़ा, सिलाटी, भद्रकाली, कुचौली, पाट- डुंगरी, घोड़ागाड़, सानीउडियार, खातीगांव, टकनार, भैसुड़ी, अठपैंसिया समेत क्षेत्र के अन्य गांवाें में संचार सेवा बाधित है। बीएसएनएल की संचार सेवा वाले गांवों में ग्रामीणों के फोन की घंटी नहीं बज रही है। ग्रामीण केवलानंद पांडेय, दीपक राठौर, कृपाल सिंह, मोहन सिंह आदि ने जल्द संचार सुविधा बहाल करने की मांग की है।
इधर, बीएसएनएल के जेटीओ गौरव तड़ागी ने बताया कि कांडा-रावतसेरा सड़क पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य के दौरान मोबाइल टावरों को जाने वाली केबल टूट गई है। लाइन को जोड़ने के लिए हल्द्वानी से टीम आनी है। जल्द संचार सेवा बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा। संवाद