बागेश्वर। दिल्ली में बीएस-6 मॉडल की बसों को ही प्रवेश दिए जाने के बाद रोडवेज की पुरानी बसों का संचालन प्रभावित हो गया है। जिले से चलने वाली सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा है। वर्तमान में जिले से दिल्ली रूट पर तीन के सापेक्ष केवल दो ही बस सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। एक बस सेवा हल्द्वानी तक ही संचालित की जा रही है।
जिले के रोडवेज डिपो की दिल्ली-धमरघर, दिल्ली-मुनस्यारी और दिल्ली-अठपैसिया बस सेवाओं का संचालन किया जाता है। डिपो के पास 15 पुरानी बसें हैं, जबकि नई बस अब तक चार ही मिल सकी हैं। पुरानी बसों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगने के बाद नई बीएस-6 मॉडल की बसों पर दिल्ली रूट की सेवाएं निर्भर हैं। दिल्ली रूट पर संचालित सेवाओं के लिए छह बसों की जरूरत है लेकिन चार ही बसें होने से एक सेवा प्रभावित हो गई है। स्टेशन प्रभारी गीता पांडेय ने बताया कि फिलहाल दिल्ली के लिए दो बस सेवाएं ही संचालित हो रही हैं। दिल्ली-धरमघर बस सेवा का संचालन हल्द्वानी तक किया जा रहा है। दो दिन में दो नई बसें पहुंच जाएंगी। इसके बाद तीनों सेवाएं सुचारू हो जाएंगी।