कपकोट (बागेश्वर)। हरसीला-चलकाना-पुड़कूनी सड़क पर हुए पेंच वर्क के कार्य से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क में पेंच वर्क का कार्य कराने के बावजूद सभी गड्ढों को नहीं भरा गया है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क में डामरीकरण कराने की मांग की है।
लोनिवि ने सड़क में बीते दिनों पेंचवर्क का कार्य कराया था। इस दौरान विभाग ने उन्हीं जगहों पर गड्ढों को भरा जहां स्थिति अधिक खराब थी। कई स्थानों पर बने गड्ढे अब भी नहीं भरे गए हैं। ग्रामीण विशन सिंह लुम्याल, धन सिंह, मुकेश सिंह, बलवंत सिंह, महेश सिंह आदि ने बताया कि लंबे समय से सड़क में गड्ढे भरान का कार्य शुरू हुआ था लेकिन जिस तरह से कार्य किया गया है उससे परेशानी कम नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क को बेहतर करने की मांग की है। इधर, लोनिवि के ईई एके पटेल ने कहा कि सड़क में सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य प्रस्तावित है। चिह्नित स्थानों पर पेंच वर्क का कार्य किया है। जल्द ही पूरी सड़क में सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा। संवाद