बागेश्वर। दो महीने से अधिक समय से बंद काफलीकमेड़ा मार्ग पर जल्द यातायात सुचारू होगा। सड़क बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। मानसूनी बारिश थमने के बाद विभाग ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। अधिकारियों ने चार दिन में सड़क खोलने का दावा किया है।
काफलीकमेड़ा मार्ग पर बीते विगत 11 जुलाई को भारी बारिश के दौरान भूस्खलन हुआ था। भूस्खलन से सड़क का शुरुआती हिस्सा किमी एक से तीन तक क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने और लगातार हो रही बारिश के कारण मरम्मत का काम नहीं किया गया। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को वाहन सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। लोग जरूरी सामान घोड़ों की मदद से गांव तक पहुंचा रहे हैं। गांव से चलने वाले टैक्सी चालकों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। मानसूनी बारिश में कमी आने के बाद विभाग ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
इधर, पीएमजीएसवाई के ईई अंबरीश रावत ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त होने से करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बंद सड़क को खोलने का काम चल रहा है। 25 सितंबर तक सड़क को खोल दिया जाएगा।