बागेश्वर। दीर्घकालीन अवकाश के मानदेय के भुगतान की मांग के लिए अतिथि शिक्षको ने सीईओ कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर 15 जुलाई से बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी है।
अतिथि शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष महेश चंद्र टम्टा ने बताया कि जिले में करीब 250 अतिथि शिक्षक 2015 से कार्यरत हैं। पूर्व में ग्रीष्मावकाश या लंबी छुट्टियों का मानदेय तय समय पर मिल जाता था लेकिन पिछले साल से मानदेय का भुगतान रोका जा रहा है। बीते वर्ष निदेशक से वार्ता कर समस्या का समाधान हो गया था। इस साल फिर से ग्रीष्मावकाश का मानदेय रोक दिया गया है।
अतिथि शिक्षकों ने कहा कि अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, हरिद्वार, पौड़ी आदि जिलों में अवकाश का मानदेय दिया जा चुका है। जल्द जिले के अतिथि शिक्षकों के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन ही अंतिम विकल्प होगा। वहां पर महामंत्री अनिल कुमार, गोपाल सिंह बिष्ट, संतोष उप्रेती, हेमंत लाल, दलीप सिंह, गीता टम्टा, उमा नेगी आदि मौजूद रहे।