बागेश्वर। जिला मुख्यालय से सटे अड़ौली गांव में पेयजल संकट गहराने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में नियमित पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से जल संकट का जल्द समाधान करने की मांग की है।
अड़ौली गांव में जखेड़ा पेयजल योजना के माध्यम से पीने के पानी की आपूर्ति की जाती है। गांव में 40 से अधिक परिवार निवास करते हैं। सरपंच संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह रावल ने बताया कि अक्सर गांव में लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ता है। पिछले चार दिन से गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। एकमात्र नौले के सहारे लोग पानी जुटा रहे हैं। एक ओर खेतीबाड़ी का काम चल रहा है जबकि दूसरी ओर पानी जुटाने में दिक्कत हो रही है। जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि जखेड़ा पेयजल योजना से लगातार पानी चल रहा है। जलस्रोत में पानी कम होने से कुछ परिवारों को दिक्कत हो रही होगी। बताया कि अड़ौली को जल जीवन मिशन से जोड़ दिया गया है लेकिन कई लोगों ने अब तक अपने कनेक्शन वैध नहीं करवाए हैं। संवाद